हैदराबाद : ‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के दौरान भगदड़ में एक महिला की मौत के मामले में गिरफ्तार किए गए तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन को तेलंगाना हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद शनिवार को जेल से रिहा कर दिया गया। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बावजूद अर्जुन को शुक्रवार रात जेल में ही बितानी पड़ी, क्योंकि अधिकारियों को देर रात तक जमानत आदेश की प्रति नहीं मिली थी।
चिंता की कोई बात नहीं, मैं ठीक हूं : अल्लू अर्जुन
अभिनेता अल्लू अर्जुन जुबली हिल्स स्थित अपने आवास पहुंचे। जहां अल्लू अर्जुन ने कहा, मैं आपके प्यार और समर्थन के लिए सभी को धन्यवाद देता हूं। मैं अपने सभी प्रशंसकों को धन्यवाद देना चाहता हूं। चिंता की कोई बात नहीं है। मैं ठीक हूं। मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं और मैं सहयोग करूंगा। मैं एक बार फिर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना चाहता हूं। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी जो हुआ उसके लिए हमें खेद हैज् मैं समर्थन के लिए परिवार के साथ हूं मैं जो कुछ भी कर सकता हूं मैं उनके लिए करूंगा..
वकील ने लगाए अधिकारियों पर आरोप
अल्लू अर्जुन के वकील अशोक रेड्डी ने चंचलगुडा जेल के बाहर संवाददाताओं को बताया,‘‘ उन्हें रिहा कर दिया गया है। रेड्डी ने आरोप लगाया कि जेल अधिकारियों ने हाईकोर्ट के आदेश की प्रति मिलने के बावजूद अभिनेता को रिहा नहीं किया। रेड्डी ने कहा, ‘‘आपको सरकार और विभाग से पूछना चाहिए कि उन्होंने आरोपी को रिहा क्यों नहीं किया। हाईकोर्ट का आदेश बहुत स्पष्ट है। जैसे ही आपको (जेल अधिकारियों को) आदेश प्राप्त होता है, उन्हें तुरंत रिहा करना होता है। स्पष्ट आदेश के बावजूद उन्होंने रिहा नहीं किया, उन्हें जवाब देना होगा। यह एक अवैध हिरासत है। हम कानूनी कदम उठाएंगे। उनके अनुसार अर्जुन को जेल में ‘‘विशेष श्रेणी के कैदी के तौर पर रखा गया था।
स्थानीय कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा था
अल्लू अर्जुन को शुक्रवार सुबह उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। हालांकि, उसके वकीलों ने हाईकोर्ट का रुख किया और अल्लू अर्जुन को अंतरिम जमानत मिल गई।